Showing posts with label छंद...!!!. Show all posts
Showing posts with label छंद...!!!. Show all posts

Tuesday, April 15, 2014

बड़े वो हो बारू जी....

जाते हुए आदरणीय प्रधानमंत्री जी के ऊपर अंतिम समय में आई पुस्तक पर :-

चलो हटो बड़े वो हो बारू जी के ऐसे कैसे मनमोहिनी पे इलज़ाम यूँ लगा दिया?
जिस सूरज-मुखी को कहना था सूर्य उसे बात बात में ही तोताराम सा बता दिया,
एक इतिहास का ही उनको सहारा था तो निर्दयी सोचा नहीं उसे भी हटा दिया,
नहीं, लटके नहीं वो, लटकी तो कांग्रेस हाय भोले-भाले बारू तुमने ये क्या किया?

Saturday, April 12, 2014

हो के परेशान सभी खोजें हैं विमान....

खोये हुए विमान एम.एच ३७० पर किया गया व्यंग्य (निवेदन है की मेरी सहानुभूति खोये हुए लोगों के परिवारों के साथ है, यह व्यंग्य केवल पूरी दुनिया की उस हाई टेक्नोलॉजी पर है जिसमें वो करोड़ों प्रकाशवर्ष दूर के तारे खोज लेते हैं लेकिन धरती पर खोया विमान नहीं खोज सके.....

हो के परेशान सभी खोजें हैं विमान के विमान का निशान भी किसी को नहीं मिलता, 
धन्य हैं वे कौवे जो चुरा ले गए कान के चुराया हुआ कान भी किसी को नहीं मिलता,
विनती है चोर भाई रख लो विमान, और यात्रियों के बदले में नेतागण मांग लो,
नीचता का जिनकी नहीं है कोई सानी, भ्रष्टाचार का प्रमाण भी किसी को नहीं मिलता....!!

जोड़िये तुकांत और कवि बन जाइये...

कविता में भावशून्यता और तुकबंदी पर वाह वाही लूटने की कोशिश के विरोध पर.....

जोड़िये तुकांत और कवि बन जाइये के छंद लिख दीजिये या गीत फरमाइए,

व्याकरण भाव दोनों तेल लेने जाएं कोई पकडे तो 'है ये अतुकांत' बतलाइए,
बोल दीजिये के "कोई दावा ही नहीं है मेरा ! मैंने कब कहा के मैं कवि हूँ या मोर हूँ?"
सीखना तो पाप है जी पाप ये न कीजियेगा ऐसी दुर्घटना से खुद को बचाइए.....!!!

बातें हो रही थी जहां देश के विकास की....

संसदीय भाषा के स्तर में हो रही लगातार गिरावट पर :-

बातें हो रही थी जहां देश के विकास की तो अब वहाँ गालियों का दौर नया छाया है,
जातियों के समीकरणों में हुए व्यस्त नेता जैसे ही चुनाव नज़दीक ज़रा आया है,
बिजली-सड़क-पानी सब भूलभाल गए, दंगा और क्षेत्रवाद मुद्दआ बनाया है,
फेकू, शहजादा, दिग्गी, खुजली है शब्द जिन्हें राजनेताओं ने शब्दकोष में सजाया है...!!!