Showing posts with label मेरी लघु कथाएँ...!!!. Show all posts
Showing posts with label मेरी लघु कथाएँ...!!!. Show all posts

Tuesday, April 15, 2014

लूट

"बड़ी महंगाई है भाई, यही दस ठो साड़ी लेने में कलेजा मुंह को आ रहा था. पता नहीं इतना लूट कर ये दुकानदार कहाँ भरेंगे? अभी तो आधी से ज्यादा खरीदारी बाकी है....राम ही भला करेंगे." मिसेज वर्मा बेटे की शादी की शौपिंग करके लौटी थी.

"अरि भगवान, होने वाले समधी जी ने वादा तो किया है कि आठ लाख तक की व्यवस्था तिलक से पहले कर देंगे, तब वसूल लेना अपना पूरा खर्चा" वर्मा जी पानी लाते हुए बोले.

"अजी रहने दो, पता नहीं कौन से भूखे लोगों के घर ब्याह कर रहे हो तुम. पहले ही साफ़ कह दिया था की हमारे लल्ला को पंद्रह लाख तक के ऑफर आये थे. शादी के कार्ड छपने के बाद ऐसी धोखाधड़ी कर रहे हैं, जाने आगे क्या क्या......"

मिसेज वर्मा चारों और अपने आपको ही लूटे जाने की शिकायत कर रही थी.

Tuesday, September 10, 2013

क्यों चांस लेना?

                                       क्यों चांस लेना? 

"किस ने छेड़ने की कोशिश की आपको बेटा, घबराओ मत, बताओ, पुलिस आपके साथ है" युवती को चुन्नी देते हुए पुलिस वाले अंकल ने हमदर्दी से पूछा. "वो जो हरी शर्ट में हैं, जिसे सब ने पकड़ा हुआ था उसने मेरी चुन्नी खींच कर खम्बे पर फेंक दी थी" सहमी हुई लड़की ने हौले से कहा.

"ले चल साले को, अभी इसकी गर्मी निकालते हैं. अपने घर में बहन बेटी नहीं है क्या?" फिर पुलिस वाले ने लड़की से कहा "आप मम्मी पापा के साथ थाने पहुचो, हम इसको वहीँ ले जा रहे हैं"

थोड़ी देर बाद जब युवती थाने पहुची तो पुलिस वाले ने उसके सामने हरी शर्ट वाले को दो थप्पड़ लगाए और धमकाया "दुबारा ऐसी गलती की न, तो चमड़ी में भूसा भर दूंगा" 

फिर युवती के पिता को अकेले में बुला कर समझाया "देखिये, लड़का अच्छे घर का है, ऐसी गलतियाँ हो जाती हैं, बहुत रो रहा था, शर्मिंदा है, फिर बिटिया की भी तो बदनामी होगी, कल को रंजिश में तेज़ाब भी फेंक सकता है, क्यों चांस लेना?"

युवती का पिता पुलिस वाले की जेब और हरी शर्ट वाले का मुस्कुराता हुआ चेहरा देख रहा था.

Sunday, September 8, 2013

बधाई

                                                       " बधाई "

बेटे की शादी की बहुत जोर शोर से तैय्यारी चल रही थी. पूरा घर सजा हुआ था. घर के सामने भी छोटा सा टेंट लगाकर छाया की गयी थी. सुबह सुबह ही किन्नरों ने आकर उत्पात मचा दिया था. दुल्हे के पिताजी एक हज़ार में बात पटवाना चाहते थे लेकिन किन्नर किसी तरह पांच हज़ार से नीचे आने को तैयार ही नहीं थे. यही बहस चल रही थी तभी पुलिस का सायरन सुनाई दिया. पुलिस वालो का इशारा पाकर दुल्हे के पिताजी किन्नरों को छोड़ कर वहाँ लपके. थोड़े देर बात करने के बाद विजयी मुस्कान लेकर किन्नरों के पास आये और कहा. “आप लोग की यही आदत ठीक नहीं लगती, देखिये.....वो लोग ५०० में ही मान गए और एक आप हैं” किन्नर अब मजबूर थे.

स्लीपर क्लास

                             "स्लीपर क्लास"
“पापा, इस बार सेकण्ड ए.सी से चलेंगे. पता है उसमें खाली दो सीट होती हैं एक लाइन में.” फ़ोन पर टिकेट बुकिंग एजेंट शर्मा जी से बात करते हुए पिताजी से पिंकी ने फरमाइश की.

तभी पिंकी की माँ भी बोल पड़ी “हाँ, मुझे भी बड़ी ख्वाहिश है एक बार उस डब्बे में जाने की. तीन सीट वाले में तो ठीक से बैठा भी नहीं जाता. सब कुछ बीच वाली सीट के मालिक की इच्छा पर होता है”

“लेकिन दादी का क्या करेंगे? उनको लेकर हिल स्टेशन पर जाने का मतलब है कि मज़ा भी सज़ा बन जाए.” पिंकी ने कहा. पिताजी ने एक पल को सोचा फिर आईडिया आ ही गया. “मैं ऐसा करता हूँ, माँ को तब तक गाँव भेज देता हूँ, कुछ दिन ताज़ी हवा भी खा लेंगी और सबसे मिल भी लेंगी” (फ़ोन पर) : “शर्मा जी, पहले आप एक बनारस के लिए स्लीपर टिकेट देखिये, नाम लक्ष्मी देवी, उम्र ६८ साल.

Saturday, September 7, 2013

“मर्यादा”

                     “मर्यादा”  
 “ऐसा भी क्या मटक मटक के चलना? पहले जवान छोरों को खुद हौसला देती हैं और उसके बाद दोष लगाती हैं कि रास्ते में छेड़ दिया. अगर तुम ही सलीके से चलोगी तो क्या कोई पागल है जो तुम्हारे पीछे आएगा? अरे सीताजी ने भी मर्यादा लांघी थी तब जाके रावण उनका हरण कर पाया था. ऐसे माँ बाप को तो जूते पड़ने चाहिए जो अपनी बेटियों को जीन पैंट पहन के बाहर निकलने देते हैं.”

काकी ताना मार ही रही थी कि प्रीति बोली...."अम्मा, अगर मैं वो कपडे पहन के बाहर निकलूंगी न, जो महाभारत और रामायण के सीरियल में दिखाते हैं कि पुराने ज़माने में लडकियां पहनती थी तो शाम को घर भी लौट के नहीं आ पाऊँगी.”

काकी सोच में पड़ गयी...!!!!