Saturday, April 12, 2014

तडपा पहले, फिर मरा देश का स्वाभिमान...

नक्सलियों द्वारा रखे गए बम को निष्क्रिय करने में घायल और मृत सैनिकों पर :-

तडपा पहले फिर मरा देश का स्वाभिमान,
नक्सलियों ने खा लिए फिर से तीन जवान,
फिर से तीन जवान भेंट चढ़ गए हमारे,
भारत माँ बाकी बेटों की ओर निहारे,
जिनके रहते नक्सलियों ने जंगल हड़पा
जिस जंगल में इक बेटा दो घंटे तडपा......!!!!

मुंह में आई बक गया...

आज़म खां जी द्वारा दी गयी विवादित टिपण्णी "कारगिल युद्ध मुसलमानों ने ही जितवाया" पर :-

मुँह में आई बक गया, समझे अपना राज,
लो सैनिक भी हो गये, हिंदू मुस्लिम आज,
हिंदू मुस्लिम आज अगर चुप हो जाएँगे,
ऐसे आज़म आगे ही बढ़ते आएँगे,
जब खुलता है इस से बस गिरती है काई, 
पागल बक जाते हैं जो भी मुँह में आई...!!!

बुरे फंसे आज़म गुरु

चुनाव आयोग के आज़म खां जी पर प्रतिबन्ध के बाद :-

बुरे फंसे आजम गुरु, रहा नहीं अभिमान,
ना रैली ना जनसभा सूख गए अब प्राण,
सूख गए अब प्राण न कोई चारा बाकी,
दिखे ना सारे?? या है कोई तारा बाकी,
लाट-गिरी तो गयी, यार-अग्यार सब हँसे,
देकर एक बयान, लो राजा जी बुरे फंसे....!!!!

Tuesday, September 10, 2013

क्यों चांस लेना?

                                       क्यों चांस लेना? 

"किस ने छेड़ने की कोशिश की आपको बेटा, घबराओ मत, बताओ, पुलिस आपके साथ है" युवती को चुन्नी देते हुए पुलिस वाले अंकल ने हमदर्दी से पूछा. "वो जो हरी शर्ट में हैं, जिसे सब ने पकड़ा हुआ था उसने मेरी चुन्नी खींच कर खम्बे पर फेंक दी थी" सहमी हुई लड़की ने हौले से कहा.

"ले चल साले को, अभी इसकी गर्मी निकालते हैं. अपने घर में बहन बेटी नहीं है क्या?" फिर पुलिस वाले ने लड़की से कहा "आप मम्मी पापा के साथ थाने पहुचो, हम इसको वहीँ ले जा रहे हैं"

थोड़ी देर बाद जब युवती थाने पहुची तो पुलिस वाले ने उसके सामने हरी शर्ट वाले को दो थप्पड़ लगाए और धमकाया "दुबारा ऐसी गलती की न, तो चमड़ी में भूसा भर दूंगा" 

फिर युवती के पिता को अकेले में बुला कर समझाया "देखिये, लड़का अच्छे घर का है, ऐसी गलतियाँ हो जाती हैं, बहुत रो रहा था, शर्मिंदा है, फिर बिटिया की भी तो बदनामी होगी, कल को रंजिश में तेज़ाब भी फेंक सकता है, क्यों चांस लेना?"

युवती का पिता पुलिस वाले की जेब और हरी शर्ट वाले का मुस्कुराता हुआ चेहरा देख रहा था.

Sunday, September 8, 2013

बधाई

                                                       " बधाई "

बेटे की शादी की बहुत जोर शोर से तैय्यारी चल रही थी. पूरा घर सजा हुआ था. घर के सामने भी छोटा सा टेंट लगाकर छाया की गयी थी. सुबह सुबह ही किन्नरों ने आकर उत्पात मचा दिया था. दुल्हे के पिताजी एक हज़ार में बात पटवाना चाहते थे लेकिन किन्नर किसी तरह पांच हज़ार से नीचे आने को तैयार ही नहीं थे. यही बहस चल रही थी तभी पुलिस का सायरन सुनाई दिया. पुलिस वालो का इशारा पाकर दुल्हे के पिताजी किन्नरों को छोड़ कर वहाँ लपके. थोड़े देर बात करने के बाद विजयी मुस्कान लेकर किन्नरों के पास आये और कहा. “आप लोग की यही आदत ठीक नहीं लगती, देखिये.....वो लोग ५०० में ही मान गए और एक आप हैं” किन्नर अब मजबूर थे.

स्लीपर क्लास

                             "स्लीपर क्लास"
“पापा, इस बार सेकण्ड ए.सी से चलेंगे. पता है उसमें खाली दो सीट होती हैं एक लाइन में.” फ़ोन पर टिकेट बुकिंग एजेंट शर्मा जी से बात करते हुए पिताजी से पिंकी ने फरमाइश की.

तभी पिंकी की माँ भी बोल पड़ी “हाँ, मुझे भी बड़ी ख्वाहिश है एक बार उस डब्बे में जाने की. तीन सीट वाले में तो ठीक से बैठा भी नहीं जाता. सब कुछ बीच वाली सीट के मालिक की इच्छा पर होता है”

“लेकिन दादी का क्या करेंगे? उनको लेकर हिल स्टेशन पर जाने का मतलब है कि मज़ा भी सज़ा बन जाए.” पिंकी ने कहा. पिताजी ने एक पल को सोचा फिर आईडिया आ ही गया. “मैं ऐसा करता हूँ, माँ को तब तक गाँव भेज देता हूँ, कुछ दिन ताज़ी हवा भी खा लेंगी और सबसे मिल भी लेंगी” (फ़ोन पर) : “शर्मा जी, पहले आप एक बनारस के लिए स्लीपर टिकेट देखिये, नाम लक्ष्मी देवी, उम्र ६८ साल.

Saturday, September 7, 2013

“मर्यादा”

                     “मर्यादा”  
 “ऐसा भी क्या मटक मटक के चलना? पहले जवान छोरों को खुद हौसला देती हैं और उसके बाद दोष लगाती हैं कि रास्ते में छेड़ दिया. अगर तुम ही सलीके से चलोगी तो क्या कोई पागल है जो तुम्हारे पीछे आएगा? अरे सीताजी ने भी मर्यादा लांघी थी तब जाके रावण उनका हरण कर पाया था. ऐसे माँ बाप को तो जूते पड़ने चाहिए जो अपनी बेटियों को जीन पैंट पहन के बाहर निकलने देते हैं.”

काकी ताना मार ही रही थी कि प्रीति बोली...."अम्मा, अगर मैं वो कपडे पहन के बाहर निकलूंगी न, जो महाभारत और रामायण के सीरियल में दिखाते हैं कि पुराने ज़माने में लडकियां पहनती थी तो शाम को घर भी लौट के नहीं आ पाऊँगी.”

काकी सोच में पड़ गयी...!!!!